आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री N Chandrababu Naidu ने हाल ही में राज्य के जिलों के अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं. कई जगहों पर लोग अचानक बड़ी मात्रा में ईंधन की खरीदारी कर रहे हैं, इस स्थिति पर तुरंत रोक लगाने की बात सीएम ने की हैं. अचानक बढ़ी खरीदारी से रविवार को 400 से ज्यादा फ्यूल आउटलेट्स को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा.
सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टरों से तुरंत एक्शन प्लान लागू करने को कहा हैं. साथ ही दिन के अंत तक रिपोर्ट देने के निर्देश भी दिए गए हैं. ताकि हालात को जल्दी नियंत्रित किया जा सके और किसी तरह की अफवाह या घबराहट से लोगों को परेशानी न हो.
सीएम ने फ्यूल सप्लाई और खपत को लेकर की टेलीकॉन्फ्रेंस
आम दिनों से बढ़ गई खपत
आम दिनों में राज्य में पेट्रोल की औसत खपत करीब 6,330 किलोलीटर और डीजल 9,048 किलोलीटर रहती है. लेकिन यह बढ़कर पेट्रोल 8,489 किलोलीटर और डीजल 10,556 किलोलीटर तक पहुंच गई. जिससे कुछ पंपों पर पेट्रोल-डीजल खत्म हो गए.
अचानक बढ़ी मांग से सप्लाई पर दबाव
अधिकारियों ने बताया कि ईंधन की अचानक बढ़ी खरीदारी की वजह से कई पेट्रोल पंपों पर स्टॉक तेजी से खत्म होने लगा. सप्लाई बढ़ाने के बावजूद लोगों की घबराहट में की जा रही खरीदारी के चलते पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. इसके अलावा लोग ड्रम में बड़े लेवल पर ईंधन की खरीदारी कर रहे हैं. जिससे दबाव और बढ़ गया है.