वन विभाग के फ्लाइंग स्क्वॉड टीम के साथ मारपीट करने वाले दाे आराेपित गिरफ्तार

Posted on: 2026-04-28


hamabani image

जगदलपुर, 28 अप्रैल। जिला मुख्यालय के संजय बाजार में नवजात तोता बच्चों की बिक्री की शिकायत पर पहुंची वन विभाग के फ्लाइंग स्क्वॉड टीम को मौके पर ही विरोध का सामना करना पड़ा, जो बाद में हिंसा में बदल गया। रेंजर और उनकी टीम के सदस्य की बेदम पिटाई के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज मंगलवार काे मुख्य आरोपित विक्रम मजूमदार और मधुसूदन मजूमदार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश जारी है।कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने आज मंगलवार काे बताया कि वन विभाग की टीम को सूचना मिली थी, कि संजय मार्केट में नवजात तोतों की बिक्री की जा रही है। इसी सूचना पर फ्लाइंग स्क्वॉड प्रभारी (रेंजर) अक्षय कश्यप अपनी टीम के साथ विगत दिनाें मौके पर पहुंचे थे। जांच के दौरान टीम ने नवजात तोता बच्चों की अवैध बिक्री होते देख कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों और अन्य व्यापारियों ने विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। लोग तमाशबीन बने रहे, इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की अतिरिक्त टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया। घायल रेंजर और अन्य कर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, सरकारी कर्मचारी से मारपीट और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाही जारी है। प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि अवैध वन्यजीव व्यापार और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।