भाजपा की वूमन ब्रिगेड लड़ेगी मंडी नगर निगम की जंग

Posted on: 2026-04-30


hamabani image

मंडी। नगर निगम मंडी के चुनावों में भाजपा ने महिलाओं को चुनावी रण की बड़ी जिम्मेदारी दी है। भाजपा ने मंडी नगर निगम के चुनाव के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। 15 में से नौ वार्डों में महिला प्रत्याशियों को टिकट दिया गया है। सिटिंग पार्षद सुमन ठाकुर और नेहा अपने ही वार्डों से चुनाव लड़ेंगी। यहां भाजपा ने कोई फेरबदल नहीं किया है। वहीं, निर्मल वर्मा ने समखेतर से पड्डल वार्ड को शिफ्ट किया है। निर्मल वर्मा पहले समखेतर वार्ड की पार्षद थीं। वहीं पड्डल वार्ड के पार्षद सोमेश थे। पड्डल वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित होने के बाद निर्मल वर्मा को पार्टी ने पड्डल से चुनाव लडऩे के आदेश दिए हैं।

हरदीप सिंह राजा ने वार्ड महिला के लिए आरक्षित होने के बाद अपनी पत्नी को आगे किया है। हरदीप के फैसले पर पार्टी ने भी मुहर लगाई है। पैलेस कॉलोनी-1 से हरदीप सिंह राजा की पत्नी गुरदीप कौर चुनाव लड़ेंगी। इससे पहले हरदीप सिंह राजा पैलेस कॉलोनी-1 के पार्षद रहे हैं। भाजपा ने पांच नए महिला चेहरों को चुनावी मैदान में उतारा है। हालांकि इनकी पृष्ठभूमि भाजपा की है, लेकिन यह इनका पहला चुनाव है। वार्ड-4 नेला से मंजू देवी, वार्ड-5 मंगवाई से कृष्णा ठाकुर, वार्ड-8 पैलेस कॉलोनी-1 से गुरदीप कौर, वार्ड 13 थनेहड़ा रजनी शर्मा, वार्ड 15 दोहंदी से रीता देवी पहली बार चुनावी रण में उतरी हैं।