शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी का रुख, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

Posted on: 2026-06-10


hamabani image

नई दिल्ली, 10 जून । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान मजबूती का रुख बना हुआ है। आज कारोबार की सपाट स्तर पर मिली-जुली शुरुआत हुई थी। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बनने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक की चाल में कुछ देर के लिए गिरावट भी आई। हालांकि थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इन दोनों सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.64 प्रतिशत और निफ्टी 0.52 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

प्रातः 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से हिंदुस्तान यूनिलीवर, नेस्ले, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और एशियन पेंट्स के शेयर 2.68 प्रतिशत से लेकर 1.02 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, इंफोसिस, एटरनल, अदानी एंटरप्राइजेज और श्रीराम फाइनेंस के शेयर 3.19 प्रतिशत से लेकर 0.56 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,723 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,607 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,116 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 19 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 11 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 30 शेयर हरे निशान में और 20 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 69.51 अंक की तेजी के साथ 73,988.27 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण यह सूचकांक गिर कर लाल निशान में 73,897.83 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। लिवाली के सपोर्ट से थोड़ी देर में ही सेंसेक्स रिकवर कर हरे निशान में पहुंच गया। बाजार में लगातार हो रही खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 475.44 अंक की मजबूती के साथ 74,394.20 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स के विपरीत एनएसई के निफ्टी ने आज 8.15 अंक की कमजोरी के साथ 23,233.95 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बनने के कारण यह सूचकांक लुढ़क कर 23,217.30 अंक के स्तर तक चला गया। हालांकि थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिसकी वजह से यह सूचकांक रिकवरी कर हरे निशान में पहुंच गया।

लगातार हो रही लिवाली के सपोर्ट से पहले आधे घंटे के कारोबार में ही यह सूचकांक उछल कर 23,384.45 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद एक बार फिर बिकवाली का हल्का दबाव बनने की वजह से इस सूचकांक की चाल में मामूली गिरावट भी आई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 23,363 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 394.50 अंक यानी 0.54 प्रतिशत की मजबूती के साथ 73,918.76 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 119.10 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,242.10 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।