हांगकांग ओपन: सात्विक-चिराग की चुनौती समाप्त, सेमीफाइनल में मलेशियाई जोड़ी से हारे

Posted on: 2026-11-21


hamabani image

हांगकांग , 21 नवंबर। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी का हांगकांग ओपन 2026 में सफर समाप्त हो गया है। शनिवार को खेले गए पुरुष युगल सेमीफाइनल में भारतीय जोड़ी को मलेशिया के आठवीं वरीयता प्राप्त मान वेई चोंग और टी काई वुन के खिलाफ सीधे गेमों में हार का सामना करना पड़ा।

पांचवीं वरीयता प्राप्त सात्विक-चिराग की जोड़ी 40 मिनट तक चले मुकाबले में 18-21, 19-21 से हार गई। इस हार के साथ भारतीय चुनौती टूर्नामेंट से समाप्त हो गई। मुकाबले से पहले भारतीय जोड़ी का मलेशियाई खिलाड़ियों के खिलाफ जीत-हार का रिकॉर्ड 4-1 था, लेकिन इस बार वे अपनी लय बरकरार नहीं रख सके।

पहले गेम में दोनों जोड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। स्कोर 12-11 तक बराबर रहा, लेकिन इसके बाद मलेशियाई जोड़ी ने लगातार अच्छे खेल के दम पर 17-12 की बढ़त बना ली। सात्विक और चिराग ने शानदार रक्षात्मक खेल दिखाते हुए स्कोर 17-17 कर दिया, लेकिन मलेशियाई खिलाड़ियों ने वापसी करते हुए पहला गेम 21-18 से जीत लिया।

दूसरे गेम में भारतीय जोड़ी ने आक्रामक शुरुआत की और जल्द ही 7-3 की बढ़त हासिल कर ली। हालांकि, नेट पर हुई गलतियों का फायदा उठाते हुए मान-टी ने वापसी की और बढ़त अपने नाम कर ली। इसके बाद भारतीय जोड़ी मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी और दूसरा गेम 19-21 से गंवा दिया।

इस जीत के साथ मलेशियाई जोड़ी ने फाइनल में जगह बना ली, जहां उसका सामना लियो रोली कार्नांडो-डेनियल मार्थिन और कांग मिन-ह्युक-ली जोंगमिन के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।