Posted on:
ग्वालियर, 21 नवंबर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के आंगन में देश और दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित संगीत महोत्सव “तानसेन समारोह” के तहत लय, सुर व ताल की सभाएं होने वाली हैं। ब्रम्हनाद का यह शीर्षस्थ महोत्सव “तानसेन समारोह” इस साल 14 से 19 दिसम्बर तक आयोजित होगा।
यह जानकारी शनिवार को तानसेन समारोह पूरी गरिमा व भव्यता के साथ आयोजित करने के उद्देश्य से शनिवार को संभाग आयुक्त मनोज खत्री की अध्यक्षता में आयोजित स्थानीय समिति की बैठक में दी गई। इस सुरोत्सव को भव्य, गरिमामय और यादगार बनाने के लिए बैठक में गहन विचार मंथन हुआ। साथ ही सदस्यों ने रचनात्मक सुझाव भी दिए।
यह सालाना समारोह भारतीय संगीत की अनादि परंपरा के श्रेष्ठ कला मनीषी संगीत सम्राट तानसेन को श्रद्धांजलि व स्वरांजलि देने के लिये पिछले 101 साल से आयोजित हो रहा है। इस साल समारोह का 102वाँ वर्ष है। संभाग आयुक्त खत्री ने समिति के सदस्यों को भरोसा दिलाया कि बैठक में आए अच्छे सुझावों पर ध्यान रखकर तानसेन समारोह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह में अधिकाधिक संगीत रसिक पहुँचें। इसके लिये समारोह का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए।
संभाग आयुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित हुई तानसेन समारोह की स्थानीय समिति की बैठक में कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक प्रकाश सिंह ठाकुर, राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय की कुलगुरू स्मिता सहस्त्रबुद्धे, जिला पंचायत सीईओ सोजान सिंह रावत, नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, समिति के अन्य सदस्यगण एवं शहर के संगीत व कला मर्मज्ञों व संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों को गंभीरता से लें
संभाग आयुक्त मनोज खत्री ने बैठक में मौजूद उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से लें और यथासंभव इन सुझावों पर अमल करें। उन्होंने निर्देश दिए कि स्थानीय कलाकारों के चयन के लिए गठित की जाने वाली ज्यूरी निष्पक्ष हो और इसमें दूसरे जिलों के संगीत व कला विशेषज्ञों को शामिल किया जाए। उन्होंने सभी आयोजन स्थलों पर जिला प्रशासन, पुलिस व नगर निगम से संबंधित सभी व्यवस्थायें पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही कहा कि सुर सम्राट तानसेन की जन्मस्थली बेहट में भी समारोह की सभा से संबंधित सभी व्यवस्थायें गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें
“गमक” में गूँजेगी सुप्रसिद्ध सिने पार्श्व गायिका साधना सरगम की मखमली आवाज
बैठक में बताया गया कि तानसेन संगीत समारोह की मुख्य सभाओं से एक दिन पहले यानी 14 दिसम्बर की सांध्यबेला में मंगलाचरण स्वरूप हजीरा स्थित इंटक मैदान में उप शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम “गमक” का आयोजन होगा। गमक सभा में देश की सुविख्यात पार्श्व गायिका साधना सरगम की प्रस्तुति होगी। उनके द्वारा गाये गए “पहला नशा पहला खुमार”, “सात समुंदर पार”, “चंदा रे चंदा”, “सलाम ए इश्क”, “अंगना में बाबा” और “दर्द करारा” जैसे फिल्मी गीत संगीत एवं सिने प्रेमियों में खासे लोकप्रिय हुए थे। इनके अलावा उन्होंने अन्य कई फिल्मी गीतों सहित लोकप्रिय भजनों का भी गायन किया है। साधना सरगम ने हिंदी के अलावा मराठी, बंगाली, कन्नड़, नेपाली, तमिल व तेलगु सहित कई भाषाओं के गीत गाये हैं। साधना सरगम महाराष्ट्र के विख्यात दाभोल सांगीतिक घराने से ताल्लुक रखती हैं। उन्होंने मात्र 4 वर्ष की आयु में गाना शुरू कर दिया था। जब वे 6 वर्ष की थीं, तभी उन्होंने दूरदर्शन के लिये “सूरज एक, चंदा एक, तारे अनेक” गीत गाया था।
निजी संस्थानों में भी सजेंगीं पूर्वरंग संगीत सभाएं
इस साल के तानसेन संगीत समारोह के मुख्य आयोजन से पहले पूर्वरंग की श्रृंखला में 10 संगीत सभाएं सजेंगी। कलेक्टर रुचिका चौहान सहित समिति के अन्य सदस्यगणों ने तानसेन समारोह में अधिकाधिक रसिकों की भागीदारी के उद्देश्य से निजी शिक्षण संस्थानों में भी सभाएं आयोजित करने का सुझाव दिया। संभाग आयुक्त खत्री ने सदस्यों द्वारा दिए गए सुझाव को ध्यान में रखकर संगीत की नगरी ग्वालियर में इन सभाओं के आयोजन के लिये स्थल चयनित करने के निर्देश उस्ताद अलाउद्दीन खाँ अकादमी के निदेशक को दिए।
102वें तानसेन समारोह का औपचारिक आगाज 15 दिसम्बर को होगा। इस दिन सुबह 10 बजे हजीरा स्थित सुर सम्राट तानसेन की समाधि पर शहनाई वादन, ढोलीबुआ महाराज की हरिकथा एवं मीलाद वाचन से समारोह का पारंपरिक शुभारंभ होगा। सायंकाल समारोह की मुख्य सभाओं के लिए बनाए गए भव्य मंच पर औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही इस अवसर पर “राष्ट्रीय तानसेन सम्मान” एवं “राष्ट्रीय राजा मानसिंह सम्मान” समारोह भी प्रस्तावित है। हर साल की तरह वादी-संवादी कार्यक्रम भी होंगे। चित्रकला पर केन्द्रित कार्यक्रम व प्रदर्शनी लगाने के लिये भी आयोजन से जुड़े अधिकारियों से कहा गया है।
तानसेन संगीत समारोह में इस साल 10 संगीत सभाएं होंगी। पहली सभा 15 दिसंबर को सायंकाल तानसेन समाधि परिसर में बनाए गए भव्य मंच पर सजेगी। इसके बाद हर दिन यहीं पर प्रातः एवं सायंकालीन सभाएं होंगी। समारोह के आखिरी दिन यानि 19 दिसंबर को प्रातःकालीन सभा संगीत शिरोमणि तानसेन की जन्मस्थली बेहट में और इस साल के समारोह की अंतिम संगीत सभा सायंकाल गूजरी महल परिसर में सजेगी।