अमेरिका में 50 व्यावसायिक जहाजों पर साइबर हमले की जांच, ईरान से संभावित संबंधों की भी पड़ताल

Posted on: 2026-11-25


hamabani image

अमेरिका में समुद्री सुरक्षा को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है। अमेरिकी जांच एजेंसियां दुनिया के अलग-अलग समुद्री मार्गों पर चलने वाले करीब 50 व्यावसायिक जहाजों पर हुए साइबर हमलों की जांच कर रही हैं। इन हमलों के पीछे ईरान का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक अमेरिकी अधिकारियों को ईरान की संलिप्तता के ठोस सबूत नहीं मिले हैं। इस मामले में रूस की संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, साइबर हमलों का निशाना ऐसे जहाज बने हैं, जो कच्चा तेल, तरलीकृत पेट्रोलियम गैस, रसायन और अन्य खतरनाक पदार्थों का परिवहन करते हैं। कुछ जहाजों को हमले के बाद बम से उड़ाने की धमकियां भी मिली हैं। इस घटनाक्रम ने अमेरिका सहित अंतरराष्ट्रीय समुद्री कारोबार से जुड़े देशों की चिंता बढ़ा दी है। आशंका है कि साइबर हमलों के जरिए समुद्री परिवहन व्यवस्था को बाधित करने, जहाजों के संचालकों में डर पैदा करने और महत्वपूर्ण बंदरगाहों की सुरक्षा को खतरे में डालने की कोशिश की जा रही है

दरअसल, इस पूरे मामले का खुलासा अमेरिकी अखबार द वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के बाद हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों और मामले से परिचित लोगों ने बताया कि करीब 50 जहाजों के कंप्यूटर नेटवर्क में सेंधमारी की आशंका है। इन जहाजों में तेल टैंकर, गैस वाहक और रासायनिक पदार्थों का परिवहन करने वाले पोत शामिल हैं। कुछ जहाजों को ऐसे संदेश मिले, जिनमें उन्हें अमेरिकी उत्पादों का परिवहन नहीं करने की चेतावनी दी गई थी। कुछ संदेशों में जहाजों को नष्ट करने और उनके चालक दल को निशाना बनाने की धमकी भी दी गई। बताया जा रहा है कि कुछ धमकी भरे संदेश फारसी भाषा में भेजे गए थे। इससे जांच एजेंसियों का संदेह ईरान की ओर गया है। हालांकि, अमेरिकी प्रशासन के एक अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अभी तक ईरान की भूमिका का कोई प्रमाण नहीं मिला है।

अमेरिकी तटरक्षक बल यानी यूएस कोस्ट गार्ड ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की विशेष टीमें तैनात की हैं। पिछले कुछ सप्ताह के दौरान कम से कम चार जहाजों पर साइबर सुरक्षा जांच दल भेजे गए। ये जहाज अमेरिकी बंदरगाहों की ओर बढ़ रहे थे। अधिकारियों ने जहाजों पर पहुंचकर उनके कंप्यूटर नेटवर्क और डिजिटल सुरक्षा व्यवस्था की जांच की तथा संभावित खतरों को दूर करने का प्रयास किया। इनमें वीएल प्रॉस्पेरिटी और कोहाकू नाम के जहाज भी शामिल हैं, जो टेक्सास की ओर जा रहे थे। दोनों जहाजों को धमकी भरे संदेश मिलने की जानकारी सामने आई थी। एक अन्य जहाज विविट अफ्रीका अमेरिका से इटली तक तरलीकृत प्राकृतिक गैस लेकर जा रहा था। रिपोर्ट के अनुसार, साइबर हमले के बाद उसके समुद्री मार्ग में असामान्य गतिविधियां देखी गईं। हालांकि, जहाजों को सामान्य संचालन के लिए मंजूरी दिए जाने की भी जानकारी सामने आई है