दवा कंपनी सिप्ला को अस्थमा के इलाज में इस्तेमाल होने वाले फ्लोवेंट एचएफए (Flovent HFA) के पहले जेनेरिक समकक्ष फ्लूटिकासोन एचएफए मीटर्ड-डोज इनहेलर (एमडीआई) के लिए अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (USFDA) से मंजूरी मिल गई है। कंपनी ने बुधवार को बताया कि यह दवा 110 माइक्रोग्राम और 220 माइक्रोग्राम की क्षमता में उपलब्ध होगी।
यह उत्पाद संक्षिप्त नई दवा आवेदन (ANDA) प्रक्रिया के तहत मंजूर किया गया है। इसे सिप्ला और टेवा फार्मास्यूटिकल्स ने संयुक्त रूप से विकसित किया है।
सिप्ला के बयान के अनुसार, उत्पाद का निर्माण और आपूर्ति कंपनी करेगी, जबकि टेवा के पास इसका एएनडीए है और वही अमेरिका में इसका व्यावसायीकरण करेगी।
फ्लूटिकासोन एचएफए एक इनहेल्ड कॉर्टिकोस्टेरॉइड दवा है। इसका इस्तेमाल चार वर्ष और उससे अधिक उम्र के मरीजों में अस्थमा के दीर्घकालिक नियंत्रण और रोकथाम के लिए किया जाता है। यह उन मरीजों के लिए भी निर्धारित है, जिन्हें अस्थमा के उपचार के लिए ओरल कॉर्टिकोस्टेरॉइड दवाओं की जरूरत होती है।
सांस संबंधी बीमारियों के इलाज पर सिप्ला का जोर
सिप्ला के प्रबंध निदेशक और ग्लोबल मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अचिन गुप्ता ने कहा कि श्वसन संबंधी बीमारियों की देखभाल लंबे समय से कंपनी की प्रमुख विशेषज्ञताओं में शामिल रही है। कंपनी का उद्देश्य मरीजों के जीवन को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि यह उत्पाद अस्थमा से पीड़ित मरीजों के लिए भरोसेमंद उपचार विकल्पों की उपलब्धता बढ़ाने की प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।
सिप्ला नॉर्थ अमेरिका के सीईओ मार्क फाल्किन ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह उत्पाद कंपनी के लिए अमेरिकी बाजार में सार्थक योगदान देने और भविष्य में विकास की संभावनाओं को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि कंपनी की टीम बाजार की जरूरतों को पूरा करने के लिए लगातार आपूर्ति सुनिश्चित करने पर ध्यान दे रही है।
आईक्यूवीआईए (IQVIA) के अनुसार, अमेरिका में 110 और 220 माइक्रोग्राम क्षमता वाले फ्लूटिकासोन एचएफए का बाजार करीब 350 मिलियन डॉलर का है।
दूसरी तिमाही में सिप्ला का मुनाफा 35 प्रतिशत घटा
इस बीच, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में सिप्ला के समेकित शुद्ध मुनाफे में सालाना आधार पर 35 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी। उत्तरी अमेरिका में कमजोर बिक्री और परिचालन मार्जिन में तेज कमी का असर कंपनी के प्रदर्शन पर पड़ा।
सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही में कंपनी ने 878 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही (Q2 FY26) में यह 1,351.17 करोड़ रुपये था।