एयरो इंडिया 2027 में घरेलू और वैश्विक प्रदर्शकों की बढ़ती मांग को देखते हुए रक्षा मंत्रालय ने प्रदर्शनी के बुनियादी ढांचे का विस्तार शुरू किया है। रक्षा उत्पादन विभाग (डीडीपी) की ओर से दो नए प्रदर्शनी हैंगर बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा, पहली बार प्रदर्शकों को अपने आवंटित स्टॉल में मेजेनाइन फ्लोर बनाने की अनुमति भी दी जाएगी।
एशिया का सबसे बड़ा एयर शो और दुनिया की प्रमुख एयरोस्पेस एवं रक्षा प्रदर्शनियों में शामिल एयरो इंडिया का 16वां संस्करण 8 से 12 फरवरी, 2027 तक बेंगलुरु के एयर फोर्स स्टेशन येलहंका में आयोजित होगा।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस बार प्रदर्शनी में जगह की मांग शुरुआती उपलब्ध क्षमता से करीब 12,000 वर्ग मीटर अधिक हो गई है। यह भारत के तेजी से विकसित होते एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्र में बढ़ती वैश्विक और घरेलू रुचि को दर्शाता है।
दो नए हैंगर बनेंगे, पहली बार मिलेगी मेजेनाइन फ्लोर की अनुमति
येलहंका एयर फोर्स स्टेशन भारतीय वायुसेना का सक्रिय प्रशिक्षण केंद्र है। यहां विमानन सुरक्षा और परिचालन से जुड़े कड़े नियमों के कारण प्रदर्शनी क्षेत्र का क्षैतिज विस्तार सीमित है। इस चुनौती से निपटने और अधिक से अधिक प्रदर्शकों को जगह उपलब्ध कराने के लिए रक्षा उत्पादन विभाग ने दो प्रमुख कदम उठाए हैं।
पहले कदम के तहत प्रदर्शनी की कुल जगह बढ़ाने के लिए दो नए हैंगर बनाए जा रहे हैं। दूसरे कदम के तहत पहली बार प्रदर्शकों को अपने आवंटित स्टॉल के भीतर मेजेनाइन फ्लोर बनाने की अनुमति दी जाएगी। इससे जमीन पर अतिरिक्त जगह घेरे बिना उपलब्ध ऊंचाई का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकेगा।
हालांकि, मेजेनाइन फ्लोर बनाने की अनुमति उन्हीं हैंगर में मिलेगी, जहां ऊंचाई इसकी इजाजत देती है। इन संरचनाओं को निर्धारित ढांचागत स्थिरता, भार वहन क्षमता और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करना होगा।
वैश्विक और घरेलू कंपनियों को मिलेगा अधिक अवसर
रक्षा उत्पादन विभाग का लक्ष्य है कि एयरो इंडिया 2027 में वैश्विक एयरोस्पेस कंपनियों, घरेलू निर्माताओं और नवाचार करने वाली कंपनियों को अपनी अत्याधुनिक क्षमताओं और तकनीकों का प्रदर्शन करने के पर्याप्त अवसर मिलें।
प्रदर्शनी क्षमता में यह विस्तार बढ़ती भागीदारी की मांग को पूरा करने और भारत के एयरोस्पेस एवं रक्षा उद्योग को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।